सिद्धार्थनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बांसी में आयोजित जनसभा के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता का अहंकार और उसका मद कितना खतरनाक हो सकता है, इसे कांग्रेस के राजनीतिक पतन से समझा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश में लंबे समय तक शासन किया, लेकिन जनता को यह सवाल जरूर पूछना चाहिए कि उसके शासनकाल में किसानों, गरीबों और महिलाओं के लिए वास्तव में कितना काम हुआ।
रतनसेन इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 311 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और पूरी दुनिया में देश की मजबूत पहचान बनी है।
भगवान बुद्ध की धरती का किया जिक्र
सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत भगवान बुद्ध की पावन धरती से जुड़ाव के साथ की। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर की धरती ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़ी इस धरती का अपना अलग गौरव है। उन्होंने कहा कि राजकुमार सिद्धार्थ ने ज्ञान की तलाश में राजपाट छोड़ दिया था और ज्ञान प्राप्त करने के बाद पूरी दुनिया उन्हें भगवान बुद्ध के नाम से जानने लगी। इसी ऐतिहासिक विरासत के कारण जिले का नाम भी सिद्धार्थनगर रखा गया।
कभी वैभव के लिए मशहूर था, विकास में पिछड़ गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब ढाई हजार साल पहले यह क्षेत्र अपने वैभव और समृद्धि के लिए जाना जाता था, लेकिन आजादी के बाद लंबे समय तक विकास की रफ्तार यहां धीमी रही। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के मामले में यह क्षेत्र काफी पीछे रह गया। उन्होंने कहा कि अब सरकार की प्राथमिकता पिछड़े क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में लगातार काम हो रहा है, जिससे आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
‘भारत अब दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते वर्षों में तेजी से प्रगति की है। भारत अब दुनिया के सामने मजबूती के साथ अपनी बात रख रहा है और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने विकास परियोजनाओं को क्षेत्र की तस्वीर बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

