सीतापुर जनपद के पिसावां थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जलईपुर गांव में पत्नी के अवैध संबंधों के शक में लोहे की रॉड मारकर निर्मम हत्या कर दी है। महिला के मायके वालों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार जलईपुर गांव निवासी शिवम की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व रेखा से हुई थी। दोनों का सात माह का एक बेटा भी है। बताया जा रहा है कि रेखा के फोन पर किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था।

आरोप है कि रविवार रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि शिवम ने रेखा के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रेखा को परिजन उपचार के लिए सीतापुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत के बाद मायके वालों ने पति शिवम पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट- राहुल अरोरा/सोनू सिंह (सीतापुर)

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version