Sonbhadra: डिजिटल अरेस्ट कर रिटायर्ड अधिकारी को लगाया ढाई करोड़ का चूना, पुलिस ने 3 ठगों को दबोचा - Nation27 >

सोनभद्र: यूपी के सोनभद्र (Sonbhadra) में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगों ने एक रिटायर्ड अधिकारी को करीब 2.36 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। साइबर थाना सोनभद्र, साइबर सेल, स्वाट टीम और ओबरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण कुमार दूबे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं प्रियंका मिश्रा और तेजल भी शामिल हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने हायर ज्यूडिशियरी और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों का भय दिखाकर सेवानिवृत्त अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट किया था। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में करीब 2.36 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए गए।

75 लाख रुपये की रकम कराई गई होल्ड

हालांकि पूर्व अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 75 लाख रुपये को फ्रीज कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस का कहना है कि ठगी की रकम से खरीदी गई टाटा हैरियर कार, करीब 2.10 लाख रुपये नकद और पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

इसके अलावा पुलिस ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील का फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल पीड़ित पर प्रभाव बनाने और उसे भयभीत करने के लिए किया गया था।

AI तकनीक का दुरुपयोग कर तैयार करते थे फर्जी दस्तावेज

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने बताया कि आरोपी गिरोह साइबर ठगी के लिए AI तकनीक का दुरुपयोग करता था। आरोप है कि गिरोह द्वारा डीपफेक इमेज और फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को ब्लैकमेल और एक्सटॉर्शन का शिकार बनाया जाता था। डिजिटल अरेस्ट के दौरान पीड़ित को कानूनी कार्रवाई और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम का भय दिखाया गया। इसके बाद उसे अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया गया।

मुख्य आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान जुटाए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी अरुण कुमार दूबे की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे प्रयागराज के ओमेक्स अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आए तथ्यों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में सहयोग करने के आरोप में प्रियंका मिश्रा और तेजल को भी गिरफ्तार किया है। इस साइबर ठगी के खुलासे में साइबर थाना, साइबर सेल, स्वाट टीम और ओबरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और ठगी की रकम के लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Secret Link
Exit mobile version