सोनभद्र पुलिस और एएनटीएफ लखनऊ यूनिट को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में 8 कुंतल 684 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। पुलिस और एएनटीएफ ने गांजा तस्करी गिरोह के छह तस्करों को गिरफ्तार किया है।
तस्कर डीसीएम वाहन में जड़ी-बूटियों की बोरियों के बीच गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने एक सियाज कार, मोबाइल फोन, आईफोन और नकदी भी बरामद की है। सोनभद्र पुलिस और एएनटीएफ लखनऊ यूनिट ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता प्राप्त की है। सुकृत चौकी क्षेत्र में बैजू बाबा मंदिर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर एक डीसीएम वाहन और सियाज कार को जांच के लिए रोका। डीसीएम गाड़ी की जांच करने पर उसमें जड़ी-बूटियों की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया 8 कुंतल 684 ग्राम अवैध गांजा मिला।
पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जबकि एक सियाज कार, एक डीसीएम गाड़ी, छह मोबाइल फोन, दो आईफोन और नकदी भी बरामद की गई। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गांजे की यह खेप उड़ीसा के बलांगीर से सुल्तानपुर, आगरा और अन्य जनपदों में सप्लाई के लिए लाई जा रही थी।
गिरोह के सदस्य पुलिस से बचने के लिए रास्ते में लगातार मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बदल रहे थे। एक कार के जरिए रास्ते में पुलिस चेकिंग की रेकी भी कर रहे थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

