शनिवार सुबह करीब 7 बजे बाबा विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। गोली चलने के बाद वहां अफरा-तफरी फेल गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
48/सी वाहिनी में तैनात जवान अमरनाथ चौहान की ड्यूटी बाबा विश्वनाथ मंदिर परिसर की सुरक्षा में लगी हुई थी। मंदिर परिसर की सड़क पर तैनाती के दौरान उनकी कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। नजदीक में स्थित कैलाशपति फूल-माला की दूकान पर कार्य कर रहे तीन युवक जिनमें रामबाबू गौड़, निवासी सकरकंद गली, विकास यादव डोमरी, निखिल गुप्ता निवासी राजघाट को गोली लग गई। जिसके बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा तफरी फैल गई।
तीनों घायलों को चिकित्सा के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार घायल विकास के हाथ और कमर में, रामबाबू के हाथ व पेट में व निखिल के हाथ में गोली लगी है। जहां तीनों की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।

