कालाढूंगी विधानसभा स्थित कोटाबाग के युवाओं ने विरोध प्रदर्शन का एक अनोखा तरीका निकाला है। युवाओं के द्वारा किये जा रहे विरोध प्रदर्शन की अब चारों तरफ प्रशंसा हो रही है। दरअसल, ब्लॉक कार्यालय को जोड़ने वाली मुख्य सड़क टूट चुकी थी, जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण आये दिन यहां हादसे हो रहे थे। सड़क बनवाने के लिए कई बार प्रयास किये गये। क्षेत्र के लोगों द्वारा किये गये सभी प्रयास विफल रहे। जिसके बाद युवाओं ने एक अनोखा तरीका अपनाया।
विरोध करने वाले युवाओं का कहना है कि शासन प्रशासन को कई बार शिकायत देने के बावजूद भी इस सड़क को सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बल्कि कोटाबाग की जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से सड़कों पर कुछ जगह सीमेंट से गड्ढों को भरने का प्रयास किया गया। प्रशासन की इस खानापूर्ति के बाद भी सड़क की हालत नहीं बदली।
पहाड़ों पर बारिश का मौसम शुरु हो चुका है। सड़क में बने गहरे गड्ढों में बरसात का पानी भर जाता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए स्थानीय युवाओं ने प्रशासन को सड़क निर्माण के लिए 10 दिनों का समय दिया था। 10 दिन की समय अवधि समाप्त हो चुकी है। लेकिन प्रशासन ने सड़क नहीं बनायी है।
दस दिन की समय अवधि बीत जाने के बाद अब क्षेत्र के युवाओं ने विरोध प्रदर्शन का अनोखा तरीका निकाला है। स्थानीय युवाओं ने क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल पंत के नेतृत्व में उसी टूटी हुई सड़क पर धान की फसल लगाकर विरोध शांतिपूर्ण तरीका अपनाया। युवाओं की इस पहल को समर्थन देने के लिए अब स्थानीय निवासी भी उनका साथ दे रहे है।
रिपोर्ट- नीरज तिवारी (कालाढूंगी- नैनीताल)/सोनू सिंह

