कालाढूंगी विधानसभा के कोटाबाग विकासखंड परिसर में जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम का हुआ आयोजन। कार्यक्रम में नैनीताल के सांसद अजय भट्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट के साथ एडीएम नैनीताल विवेक राय व एसडीएम कालाढूंगी, तहसीलदार कालाढूंगी व खण्ड विकास अधिकारी डॉ. श्वेता के साथ 30 से ज्यादा विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एडीएम विवेक राय ने बताया कि कार्यक्रम में कुल 282 शिकायतें आई थी जिनमें से 190 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया और अन्य शिकायतों के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया की मौके पर जाकर जांच करने के बाद शिकायतों का निवारण किया जाए। उन्होंने बताया कि 10 वाद जो की एडीएम की अदालत में लंबित थे उनका भी निस्तारण किया गया।
हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि कोटाबाग बाजार में पार्किंग की समस्या है जिसके निवारण के लिए पार्किंग की व्यवस्था करना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि बाजार के नजदीक में जो सिंचाई विभाग की खाली भूमि है उसको पार्किंग बनाया जाए।
राज्यमंत्री सुरेश भट्ट ने कहा कि जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम को पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए आम जनता की समस्याओं तक पहुंचकर उनका समाधान किया जा रहा है जिससे प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा स्वास्थ्य सड़क विद्युत पेयजल आदि मूलभूत सुविधाओं का विकास करने के लिए हमेशा तत्पर है।
रिपोर्ट- नीरज तिवारी (कालाढूंगी, नैनीताल)/सोनू सिंह

