कालाढूंगी के रामलीला मैदान में आयोजित एक विशाल कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों के साथ सैकड़ों की संख्या में आम जनमानस ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ली। सदस्यता लेने वालों में पूर्व जिला पंचायत सदस्यत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान, कांग्रेस व भाजपा के पूर्व नेता, छात्र संघ के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, आदि लोग रहे।

सदस्यता लेने वाले पूर्व कांग्रेस नेता व जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा सिंह नेगी ने कहा कि उन्होंने और उनके साथीयों ने उत्तराखण्ड क्रांति दल की विचारधारा से प्रभावित होकर उसकी सदस्यता ली। उत्तराखंड क्रांति दल हमेशा से ही उत्तराखंड वासियों के हितों की लडाई लड़ता रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार भाजपा व कांग्रेस से अलग हटकर अपनी उत्तराखंड के क्षेत्रीय संगठन यूकेडी के प्रत्याशियों को चुनाव में जीताकर विधानसभा में भेजने का कार्य करना है, जिससे उत्तराखंड को बर्बाद होने से बचाया जा सके।

पूर्व विधायक नारायण जंतवाल व पुष्पेश त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार पूर्ण बहुमत से उत्तराखंड क्रांति दल की सरकार बनेगी और सरकार बनने के बाद सबसे पहले उत्तराखंड की मौजूदा बदहाल हो चुकी स्थिति में सुधार लाने का कार्य हमारी सरकार करेगी। उन्होंने कहा की यूकेडी की सरकार बनने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और बेरोजगारी के मुद्दों पर सबसे पहले कार्य किया जाएगा।

उत्तराखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने प्रदेश की जनता से अनुरोध किया कि इस बार उत्तराखंड की अपनी क्षेत्रीय पार्टी यूकेडी को जीताकर भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने में सहयोग करें, जिससे कि उत्तराखंड मे रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिले और पलायन को रोका जा सके। उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने दूसरे राज्यों के युवाओं को नौकरी देने का कार्य किया है जबकि उत्तराखंड के स्वयं के युवाओं की अनदेखी की है। पेपर लीक जैसे संवेदनशील मुद्दों की बात करते हुए उन्होंने प्रदेश के युवाओं से उत्तराखंड क्रांति दल को समर्थन करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही संगठनों ने उत्तराखंड को कर्जे में डुबोने का काम किया है।

रिपोर्ट- नीरज तिवारी (कालाढूंगी, नैनीताल)/सोनू सिंह

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version