नैनीताल के भवाली में यौन शोषण के आरोपी व्यापारी नेता नरेश पाण्डे ने पुलिस से बचने के लिए फिनायल का सेवन कर लिया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में नैनीताल के बीड़ी पाण्डे अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद नरेश को हल्द्वानी स्थित हायर सेंटर के लिए रैफर किया गया है। देर रात नरेश ने अपने फेसबुक पर लाइव वीडियो में जहर पीने की बात भी कही थी।
गौरतलब है कि भवाली में नरेश पांडे पर महिला ने यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था। नैनीताल पुलिस नरेश की गिरफ्तारी के लिए उसके भवाली स्थित घर पहुंची थी। नरेश ने पूरी घटना के बारे में बताते हुए फेसबुक पर लाइव वीडियो के माध्यम से लोगों से मदद मांगी थी। मामले की जानकारी के अनुसार भवाली के उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे के खिलाफ एक महिला ने कोतवाली मल्लीताल में मुकदमा दर्ज कराया। उसमें कहा गया कि उसके साथ व्यापार मंडल अध्यक्ष ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी थी। बाद में युवती ने मुकदमा वापस लेने के साथ तल्लीताल थाने में 3 अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। उसमें कहा गया कि 3 युवको ने उसके वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए व्यापारी नेता के खिलाफ कोतवाली में झूठा मुकदमा दर्ज करने का दबाव बनाया। इस मामले में व्यापारी नरेश को उच्च न्यायालय से राहत नहीं मिली। वहीं कल देर रात घर की बालकनी से बनाए गए अपने फेसबुक लाइव विडियो में नरेश पाण्डे ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना वारंट के उसे पकड़ने पहुंची है। इस दौरान उसने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ अभद्रता कर उसके कपड़े फाड़ दिए, साथ ही उसके पिता, भाई और बेटे से भी बदसलूकी की है।
नरेश के अनुसार युवती ने अपने 164 के बयान उनके पक्ष में दिए हैं। कहा कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंच चुकी है। वीडियो का अंत रैंडम तरीके से हुआ, जिससे प्रतीत हुआ कि नरेश को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। वही नरेश की पत्नी चित्रा पांडे ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि नरेश की गिरफ्तारी का कोई कागज इनके पास नहीं था पुलिस नरेश को जबरन गिरफ्तार करके ले गई। नरेश की पत्नी ने यह भी आरोप लगाया है कि घर में घुसकर पुलिस ने नाबालिग बच्चों और बुजुर्गों पर हाथापाई कर बुरी तरह से घायल किया।
वहीं नैनीताल पुलिस ने बताया कि मामले में चल रही विवेचना के तहत नरेश पांडे को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
रिपोर्ट- नीरज तिवारी (नैनीताल)/सोनू सिंह

