पिथौरागढ़ जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश का असर सड़क मार्गों पर पड़ रहा है। बंगापानी–जराजीबली मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन और वॉशआउट होने से यातायात प्रभावित हो गया है। लोक निर्माण विभाग युद्धस्तर पर मार्ग बहाली में जुटा है।
लगातार भारी वर्षा और सक्रिय भूस्खलन के कारण 19.80 किलोमीटर लंबे बंगापानी–जराजीबली मोटर मार्ग के किलोमीटर 16 पर करीब 40 मीटर तथा किलोमीटर 7 से 8 के बीच लगभग 30 मीटर हिस्से में सड़क पूरी तरह वॉशआउट हो गई है। इसके अलावा अन्य कई स्थानों पर भी मलबा और भूस्खलन से मार्ग प्रभावित हुआ है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार किलोमीटर 15 तक मार्ग को हल्के वाहनों के आवागमन के लिए शुरु कर दिया गया है। वहीं सबसे अधिक प्रभावित किलोमीटर 16 पर एक चेन एक्सकैवेटर और एक जेसीबी मशीन की मदद से युद्ध स्तर पर बहाली कार्य चल रहा है।
विभाग का कहना है कि प्रभावित स्थल पर पहाड़ी का ढाल लगभग 80 से 90 डिग्री होने के साथ लगातार शूटिंग स्टोन और फ्रैक्चर रॉक गिरने से काम बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किया जा रहा है। इसके बावजूद विभागीय टीम और मशीनरी लगातार मार्ग खोलने में जुटी हुई है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार यदि मौसम और स्थल की परिस्थितियाँ अनुकूल रहीं तो विभाग ने मार्ग को जल्द से जल्द पूरी तरह यातायात के लिए कर दिया जायेगा।
रिपोर्ट- दानिश खान/सोनू सिंह

