कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर बड़ी ठगी: रुद्रप्रयाग के व्यक्ति को डेढ़ करोड़ का चूना, कर्ज लेकर भी लुटाते रहे पैसा - Nation27 >

कौन बनेगा करोड़पति प्रतियोगिता के नाम पर एक युवक को जालसाजी के जरिए फंसाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फेसबुक के जरिए जालसाजों ने एक युवक से लाखों रुपये ठग लिए। जिसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस को दी है।

रुद्रप्रयाग जिले से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति को कौन बनेगा करोड़पति KBC के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की चपत लग गई। अगस्त्यमुनि थाना क्षेत्र के किणझाणी गांव निवासी 54 वर्षीय कमल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे 14 जनवरी 2026 से फेसबुक पर चल रहे एक ऑनलाइन गेम में हिस्सा लेने लगे थे, जिसमें “चेहरा पहचानो” जैसे सवालों के सही जवाब देने पर 8.5 लाख रुपये का इनाम देने का दावा किया गया था। पहली ही बार में उन्हें यह रकम जीतने की सूचना दे दी गई। इसके बाद नितिन नाम के एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर इनामी राशि जारी करने के बहाने पहले 1550 रुपये टैक्स के तौर पर जमा करवाए। धीरे-धीरे अलग-अलग नंबरों से संपर्क कर उन्हें भरोसे में लिया गया। पीड़ित को यकीन दिलाने के लिए मुकेश अंबानी, अमिताभ बच्चन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों वाले फर्जी दस्तावेज भेजे गए, साथ ही रिजर्व बैंक के नाम से भी जाली कागजात भेजे गए। ठगों ने बताया कि वे कई करोड़ रुपये और एक कार तक जीत चुके हैं, जिन्हें हासिल करने के लिए बार-बार अलग-अलग टैक्स, शुल्क और अन्य मदों में रकम जमा करानी होगी।

इस झांसे में आकर कमल सिंह 30 मार्च से 16 सितंबर 2026 के बीच लगातार पैसा जमा कराते रहे। यह रकम जुटाने के लिए उन्होंने परिचितों से उधार तक लिया। बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक, चमोली कोऑपरेटिव बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के जरिए ऑनलाइन और नकद, दोनों माध्यमों से बार-बार भुगतान किया गया। इतना सब करने के बाद भी जब इनामी रकम नहीं मिली, तब जाकर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून में दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी देवेंद्र नबियाल के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन के रिकॉर्ड, आरोपियों के मोबाइल नंबरों और व्हाट्सएप संपर्कों की पड़ताल में जुटी है। यह मामला एक बार फिर याद दिलाता है कि किसी भी अनजान गेम या मैसेज में इनाम जीतने के दावे पर आंख मूंदकर भरोसा करना कितना भारी पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- ट्रक ड्राइवर को तीसरी बार मिला 3.68 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, कन्नौज का मामला

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version