ट्रक ड्राइवर को तीसरी बार मिला 3.68 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, कन्नौज का मामला - Nation27 >

कन्नौज जिले के छिबरामऊ के हाथीन गांव निवासी ट्रक ड्राइवर अभिनेन्द्र कुमार को एक बार फिर करोड़ों रुपये का इनकम टैक्स नोटिस प्राप्त हुआ है। अभिनेन्द्र का दावा है कि पिछले तीन साल से लगातार उनके नाम पर करोड़ों रुपये की टैक्स देनदारी के नोटिस भेजे जा रहे हैं। इस बार उन्हें 3 करोड़ 68 लाख रुपये का नोटिस मिला है।

अभिनेन्द्र का दावा है कि वह ट्रक चलाकर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। पहली बार नोटिस मिलने के बाद उन्होंने कन्नौज स्थित आयकर विभाग के अधिकारियों से मिलकर अपनी परेशानी के बारे में अवगत कराया था। अधिकारियों द्वारा उन्हें भरोसा दिया गया कि मामले की जांच कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। एक साल और फिर दूसरा साल बीतने के बाद तीसरे साल फिर करोड़ों रुपये का नोटिस उनके घर पहुंच गया।

अभिनेन्द्र का सवाल है कि आखिर लगातार तीन साल से उनके नाम पर इतनी बड़ी टैक्स देनदारी कैसे बन रही है? अगर वह जिम्मेदार हैं तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और अगर गलती किसी और की है तो उसका पता क्यों नहीं लगाया गया। नोटिस मिलने के बाद अभिनेन्द्र भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वह इतनी बड़ी रकम कहां से भरेंगे। परेशान अभिनेन्द्र ने यहां तक कह दिया कि अब तो ऐसा लगता है कि आत्महत्या ही करनी पड़ेगी।

इस पूरे प्रकरण ने आयकर विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस मामले की जांच कब होती है और अभिनेन्द्र को इस कथित टैक्स नोटिस से कब राहत मिलती है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version