बाजपुर (ऊधम सिंह नगर) देश की पहली सहकारी चीनी मिल बाजपुर को-ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्री लिमिटेड में करोड़ों रुपये के लोहे की कथित चोरी का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ चुका है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित इस ऐतिहासिक चीनी मिल में हुए लोहा चोरी प्रकरण को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन के सातवें दिन उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य अनशन स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनका समर्थन किया और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
बताया जा रहा है कि ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित इस सहकारी चीनी मिल से करोड़ों रुपये मूल्य का कबाड़, मशीनरी और लोहे का सामान कथित रूप से चोरी कर लिया गया। आंदोलनकारियों का आरोप है कि यह सब मिल प्रशासन की मिलीभगत और सरकारी लापरवाही के कारण संभव हुआ। इस घटना के बाद से स्थानीय किसान, मजदूर संगठन और विभिन्न राजनीतिक दल लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
‘चीनी मिल बचाओ संघर्ष समिति’ के बैनर तले पिछले सात दिनों से क्रमिक अनशन जारी है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चीनी मिल को दोबारा संचालित करने के लिए सरकार स्पष्ट कार्ययोजना पेश करे।
अनशन स्थल पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि यह केवल लोहे की चोरी का मामला नहीं है, बल्कि प्रदेश की औद्योगिक विरासत और किसानों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने किसानों के हित में जिस सहकारी चीनी मिल की स्थापना की थी, आज वही मिल बदहाली और लापरवाही का शिकार हो गई है। यशपाल आर्य ने धामी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “करोड़ों रुपये का लोहा दिनदहाड़े चोरी हो गया और सरकार मूकदर्शक बनी रही। इसकी सीधी जिम्मेदारी राज्य सरकार की है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण के बिना इतने बड़े स्तर पर चोरी संभव नहीं हो सकती।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मिल की सुरक्षा व्यवस्था किसके जिम्मे थी, चोरी के दौरान पुलिस और प्रशासन क्या कर रहे थे तथा अब तक इस मामले में प्रभावी कार्रवाई और गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई और चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की ठोस योजना सामने नहीं आई, तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठाएगी।
इस बीच चीनी मिल में कथित लोहा चोरी का मामला उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है। विपक्ष इसे भ्रष्टाचार, सरकारी लापरवाही और किसान हितों की अनदेखी का मुद्दा बताते हुए सरकार को घेर रहा है। वहीं, भाजपा का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर | निजामुद्दीन शेख (बाजपुर) काजल कुमारी
यह भी पढ़े: https://nation27.com/states/uttar-pradesh/bareilly/%e0%a4%ac%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%b2%e0%a5%80/


