गंगा एक्सप्रेसवे पर 15 दिन टोल फ्री यात्रा, 594 किमी लंबे इस मार्ग पर फिलहाल वाहन चालकों को कोई शुल्क नहीं देना होगा

Ganga Expressway Toll-Free For 15 Days: उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे पर अब सफर का असली दौर शुरू हो गया है। आम जनता के लिए बड़ी राहत की बात यह है कि अगले 15 दिनों तक इस 594 किमी लंबे एक्सप्रेसवे पर यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी। यानी फिलहाल वाहन चालकों को टोल देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

मजदूर दिवस के अवसर पर खास तोहफा

योगी आदित्यनाथ ने मजदूर दिवस के अवसर पर यह खास तोहफा दिया। इससे ठीक पहले नरेंद्र मोदी ने हरदोई में इस हाईटेक एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था, जिसके बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया। हालांकि यह राहत अस्थायी है। अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही कैबिनेट टोल दरों को मंजूरी देगी, वसूली शुरू कर दी जाएगी। यहां क्लोज्ड टोल सिस्टम लागू किया गया है, जिसमें सफर के दौरान कहीं रुकने की जरूरत नहीं होगी पूरी प्रक्रिया FASTag के जरिए स्वतः पूरी होगी।

क्या है खासियत

एक्सप्रेसवे को 120 किमी/घंटा की डिजाइन स्पीड के साथ तैयार किया गया है, जिससे मेरठ से प्रयागराज की दूरी महज 5–6 घंटे में तय की जा सकेगी। सुरक्षा के लिए AI आधारित कैमरे और मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे सफर तेज और सुरक्षित दोनों रहेगा। टोल दरें दूरी के आधार पर तय होंगी कार के लिए करीब ₹2.55 प्रति किमी और भारी वाहनों के लिए यह ₹16.10 प्रति किमी तक जा सकती है। अनुमान है कि मेरठ से प्रयागराज तक कार यात्रा लगभग ₹1500 के आसपास पड़ेगी।

यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों को जोड़ता है और इसमें कई एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स व टोल प्लाजा बनाए गए हैं। फिलहाल, यह 15 दिन का मुफ्त सफर लोगों को नई रफ्तार का अनुभव दे रहा है लेकिन जल्द ही इस हाईवे पर सफर के साथ खर्च भी जुड़ जाएगा।

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version