अमेठी: यूपी के अमेठी में इन दिनों बाजार में एक खास तरह की साड़ियों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बुलडोजर की तस्वीरों के साथ बीजेपी के झंडे से छपी साड़ियां महिलाओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। रक्षा बंधन के त्योहार से पहले इन साड़ियों की मांग अचानक बढ़ गई है और कपड़ों की दुकानों पर इन्हें खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है।
अमेठी के कई कपड़ा बाजारों में इन दिनों योगी-बुलडोजर प्रिंट वाली साड़ियां दुकानों पर सजी नजर आ रही हैं। इन साड़ियों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर, बुलडोजर का चित्र और पार्टी के झंडे की डिजाइन बनाई गई है। दुकानदारों के मुताबिक, त्योहारों के सीजन में इस तरह के नए डिजाइन वाले कपड़ों की मांग बढ़ जाती है, लेकिन इस बार इन खास साड़ियों को लेकर महिलाओं में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है।
रक्षाबंधन पर खास डिमांड
दुकानदारों का कहना है कि जैसे ही यह साड़ियां बाजार में पहुंचीं, लोगों की नजरें इन पर टिक गईं। महिलाएं बड़ी संख्या में दुकानों पर पहुंचकर इन साड़ियों को देख रही हैं और खरीदारी कर रही हैं। कई ग्राहक इन्हें खास मौकों और त्योहारों के लिए पसंद कर रहे हैं।
रक्षा बंधन से पहले बाजारों में खरीदारी बढ़ने के बीच इन साड़ियों ने कपड़ा कारोबारियों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी है। दुकानदारों का कहना है कि राजनीतिक प्रतीकों और लोकप्रिय चेहरों वाली चीजों की मांग समय-समय पर देखने को मिलती है। इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बुलडोजर वाली साड़ियों ने बाजार में अपनी अलग पहचान बना ली है।
स्टॉक बढ़ाने की तैयारी में दुकानदार
स्थानीय महिलाओं के बीच इन साड़ियों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। कई महिलाएं इसे त्योहार के मौके पर पहनने के लिए खरीद रही हैं, तो कुछ इसे अलग डिजाइन और आकर्षण के कारण पसंद कर रही हैं। बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए दुकानदार भी इन साड़ियों का स्टॉक बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल अमेठी के बाजारों में योगी-बुलडोजर वाली साड़ियां चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं और रक्षा बंधन से पहले इनकी बिक्री ने कपड़ा बाजार में नई हलचल पैदा कर दी है।
रिपोर्ट: शुभम बर्नवाल

