बाराबंकी: यूपी के बाराबंकी में मंगलवार को तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर ने एक ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, ऑल्टो कार (UP32 CD 0221) लखनऊ से बहराइच की ओर जा रही थी। इसी दौरान रामनगर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला समेत चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

बारिश के बीच हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त इलाके में तेज बारिश हो रही थी। बारिश और तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही मसौली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

बाराबंकी के गोंडा रोड पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है और डंपर चालक समेत पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

रिपोर्ट : शिवम जयसवाल

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version