उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही लगातार और मूसलाधार बारिश ने प्रशासन से लेकर आम लोगों तक की धड़कनें बढ़ा दी हैं। जिले के तीन प्रमुख बांध लतीफ शाह, चंद्रप्रभा और मूसाखांड पूरी तरह लबालब भरकर ओवरफ्लो होने की स्थिति में पहुंच गए हैं

डैमों से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण कर्मनाशा और चंद्रप्रभा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। इन नदियों के किनारे बसे कई गांवों और निचले इलाकों में पानी घुसने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर बेचैनी है कि रात के अंधेरे में अगर जलस्तर अचानक बढ़ा, तो हालात बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने संवेदनशील गांवों पर कड़ी नजर रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है।

दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, वहीं दूसरी ओर लतीफ शाह डैम से गिरते सात-आठ फीट ऊंचे पानी को देखने और सेल्फी लेने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी है। प्रशासन के लिए यह भीड़ अतिरिक्त चुनौती बन गई है, क्योंकि बढ़ते जलस्तर के बीच डैम के करीब जाना खतरे से खाली नहीं है।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि पानी थोड़ा-थोड़ा करके इसलिए छोड़ा जा रहा है ताकि निचले इलाकों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति न बने। इसके बावजूद प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और डैम के आसपास न जाने की अपील की है। आने वाले घंटों में बारिश और जलस्तर की स्थिति पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version