ग्रेटर नोएडा: दिल्ली से सटे यूपी के ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार थार (THAR) ने एक शख्स की जान ले ली जबकि महिला अस्पताल में जीवन की जंग लड़ रही है। पुलिस के मुताबिक यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के इटैड़ा गोल चक्कर के पास हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक उछलकर पास के नाले में जा गिरा और उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान नीरज के रूप में हुई और उसकी उम्र 40 साल है। वहीं टक्कर मारने के बाद एसयूवी खंभे से टकरा गई।
एक मूर्ति गोल चक्कर के पास हुई टक्कर
रिपोर्ट के मुताबिक एक मूर्ति गोल चक्कर के पास शाम लगभग साढ़े पांच बजे चिपियान के रहने वाले नीरज अपनी पत्नी को स्कूटी पर बैठकर निजी कार्य से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार थार कार (नंबर- UP14GB7267) ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी की स्कूटी सवार नीरज की पत्नी रोड किनारे गिरी और पति नाले में गिर गया। नीरज की स्कूटी थार के नीचे ही फंस गई और बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास में अफरातफरी मच गई और घटना के बाद आरोपी मौका देखकर मौके से फरार हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
जिंदगी की जंग लड़ रही पत्नी
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायल पति-पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी पत्नी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी थार सवार की तलाश में जुट गई है।
रिपोर्ट: यूनुस आलम


