जौनपुर: यूपी के जौनपुर में महंगाई और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी करना शाहगंज तहसील में तैनात एक लेखपाल को भारी पड़ गया। फेसबुक पर की गई पोस्ट वायरल होने के बाद प्रशासन ने इसे सरकारी कर्मचारी द्वारा शासन की नीतियों पर सार्वजनिक टिप्पणी मानते हुए अनुशासनहीनता के दायरे में लिया। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल अशोक कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

लेखपाल सस्पेंड

जानकारी के मुताबिक, अशोक कुमार यादव शाहगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम बारा के हल्का लेखपाल के पद पर तैनात हैं। सोमवार को उनके फेसबुक अकाउंट से चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर एक पोस्ट साझा की गई थी। पोस्ट में महंगाई पर तंज कसते हुए लिखा गया था, ‘चाय हो गयी है महंगी मित्तर-चीनी पहुंच गई है सत्तर.’

फेसबुक पर डाली गई यह पोस्ट कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा तो प्रशासन ने इसकी जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी सेवा में रहते हुए किसी कर्मचारी द्वारा शासन की नीतियों से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करना सेवा नियमों के खिलाफ माना जाता है।

मामले में एसडीएम अंकुर कुमार वर्मा के निर्देश पर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की गई और उन्हें निलंबित कर दिया गया। वहीं, तहसीलदार सौरभ कुमार ने बताया कि सरकारी कर्मचारी को सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणी करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है।

लेखपाल ने कहा एसडीएम की कार्रवाई की जानकारी नहीं

वहीं, निलंबित लेखपाल अशोक कुमार यादव का कहना है कि वह पिछले दो दिनों से अवकाश पर हैं और उन्हें निलंबन की कार्रवाई के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। कार्रवाई के बाद संबंधित फेसबुक पोस्ट को भी हटा दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह पोस्ट ‘यतार्थ’ नाम की फेसबुक आईडी से साझा की गई थी, जिसे अशोक कुमार यादव द्वारा संचालित किए जाने की बात सामने आई है।

लेखपाल के निलंबन के बाद शाहगंज तहसील परिसर में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद सरकारी कर्मचारियों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version