लखनऊ: यूपी में होने वाली जनगणना (2027) की तैयारियों को लेकर मंगलवार को लखनऊ के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्यों की तैयारियों के साथ-साथ कर्मचारियों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, चार्ज निर्धारण, मानचित्रों के सत्यापन एचएलबी/ईवी के पुनर्गठन सहित अलग-अलग बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी जनगणना के लिए सितंबर महीने में ही आवश्यक कर्मचारियों की उपलब्धता और तैनाती सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने गणनाकर्मियों, पर्यवेक्षकों और फील्ड ट्रेनरों की सूची समय से तैयार करने और प्रशिक्षण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पहले से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
अधिक जनसंख्या वाले एचएलबी का होगा विभाजन
डीएम ने कहा कि अधिक जनसंख्या वाले एचएलबी को भौगोलिक निरंतरता को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार विभाजित कर उप-गणना ब्लॉक बनाए जाएं, ताकि गणनाकर्मियों पर कार्यभार संतुलित रहे। चार्ज-पर्यवेक्षण क्षेत्रों के निर्धारण में मानचित्रों का मिलान करने के साथ-साथ स्थलीय सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने साफ निर्देश दिए कि एक ही कर्मचारी की अलग-अलग चार्जों में दोहराई गई ड्यूटी न लगाई जाए। कर्मचारियों की तैनाती उनके निवास स्थान और कार्यस्थल के अनुरूप करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यमुक्ति और छूट के मामलों की होगी कड़ाई से समीक्षा
बैठक में पिछली जनगणना के दौरान जिन विभागों से कार्मिक उपलब्ध कराने अथवा कार्यमुक्ति को लेकर समस्याएं सामने आई थीं, उन्हें चिन्हित कर समय से पत्राचार करने तथा पर्याप्त संख्या में कार्मिक उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कार्य से छूट, कार्यमुक्ति के प्रकरणों की कड़ाई से समीक्षा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उचित कारण के किसी भी कर्मचारी को जनगणना कार्य से मुक्त न किया जाए। इसके साथ ही उपलब्ध आंकड़ों का साल 2024 के सामान्य निर्वाचन से संबंधित आंकड़ों से मिलान कर आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
चार्ज रजिस्टर और लंबित भुगतान की भी समीक्षा
बैठक के दौरान चार्ज रजिस्टर की प्रगति, अभिलेखों के प्रेषण, प्राप्ति और लंबित भुगतान से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनगणना से जुड़े कार्यों को समयबद्ध, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी सूचनाओं को एक समान अभिलेख के आधार पर अद्यतन रखा जाए, जिससे आगे की प्रक्रिया में किसी प्रकार की विसंगति न हो। बैठक में डॉक्टर गौरव पाण्डेय, जनगणना उप निदेशक, अपर जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट — रुद्र प्रताप सिंह

