बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। कचहरी से लिव-इन रिलेशनशिप के दस्तावेज तैयार करवाकर लौट रहे रामपुर निवासी प्रेमी जोड़े को रास्ते में 10 से 15 हमलावरों ने घेर लिया और युवती को तमंचे के बल पर जबरन अगवा कर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रामपुर निवासी राजकुमार और उसकी प्रेमिका नाजिया कचहरी से लिव-इन रिलेशनशिप के दस्तावेज बनवाकर कार से वापस लौट रहे थे। दलपतपुर-काशीपुर मार्ग पर पहुंचते ही अचानक बड़ी संख्या में हमलावरों ने उनकी कार को चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने पहले कार पर फायरिंग शुरू की, फिर वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद प्रेमी युगल के साथ मारपीट करते हुए बदमाशों ने युवती नाजिया को तमंचे की नोक पर जबरन अगवा कर लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के चलते घटना की जानकारी फैलते ही मूंढापांडे थाने पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और थाने के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए रखी और दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की अपील की।
पीड़ित प्रेमी राजकुमार की तहरीर पर मूंढापांडे पुलिस ने युवती के पिता तसलीम, भाइयों दानिश और बिलाल सहित 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें अपहरण, जानलेवा हमला और बलवा जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जो युवती की सकुशल बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हैं।
ये भी पढ़ें: योगीराज में अपराधियों की खैर नहीं, अंकित बालियान हत्याकंड में दो आरोपी ढेर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को पूरी संवेदनशीलता के साथ लिया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज व स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी, वहीं युवती की सुरक्षित बरामदगी के लिए भी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

