मुरादाबाद: सावन के अंतिम सोमवार पर कांवड़ यात्रा के चलते मुरादाबाद में भारी भीड़ और यातायात दबाव के बीच एक पुलिस अधिकारी का मानवीय चेहरा सामने आया जिसके अब खूब तारीफ हो रही है। सिटी एसपी कुमार रणविजय सिंह ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक बुजुर्ग महिला की मदद की।

बुजुर्ग महिला को देखकर रुक गए अधिकारी

दरअसल दिल्ली रोड स्थित गगन चौराहे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित थी। इसी बीच पीपलसाना, भोजपुर निवासी एक बुजुर्ग महिला दवाई लेने के लिए तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) हॉस्पिटल जाना चाहती थीं, लेकिन जाम और भीड़ के कारण उन्हें कोई वाहन नहीं मिल पा रहा था।

काफी देर तक धूप में बैठी बुजुर्ग महिला परेशान हो रही थीं। यातायात व्यवस्था संभाल रहे एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह की नजर जब महिला पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत मदद के लिए कदम बढ़ाया।

एसपी सिटी ने जाम के बीच एक वाहन रुकवाया और चालक से बुजुर्ग महिला को सुरक्षित TMU हॉस्पिटल पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने वाहन चालक को निर्देश दिया कि महिला को रास्ते में किसी भी तरह की परेशानी न हो और जरूरत पड़ने पर उन्हें जानकारी दी जाए।

पुलिस अधिकारी की हो रही तारीफ

एसपी सिटी की इस पहल को देखकर मौके पर मौजूद कांवड़ियों और आम लोगों ने उनकी सराहना की। भारी भीड़ के बीच जहां पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे थे, वहीं एसपी सिटी ने एक जरूरतमंद बुजुर्ग महिला की परेशानी को प्राथमिकता दी। ड्यूटी के साथ संवेदना और जिम्मेदारी का यह उदाहरण लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

रिपोर्ट: सारिक सिद्धिकी

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version