मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसे का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे CCTV फुटेज में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार एक बुलेट सवार को जोरदार टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही है। हादसा इतना भयावह था कि महज कुछ सेकंड में ही बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। घटना पुरकाजी थाना क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के फलौदा कट की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 20 अगस्त की रात करीब एक बुलेट सवार व्यक्ति सड़क पार कर रहा था, तभी हरिद्वार की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी।

तीन सेकंड में चली गई जान

CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बुलेट सवार जैसे ही सड़क पार करने के लिए आगे बढ़ता है, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो उसे टक्कर मार देती है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान जावेद के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने की सावधानी बरतने की अपील

घटना के बाद पुरकाजी नगर पंचायत अध्यक्ष जाहिर फारूकी ने वीडियो जारी कर लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है।उन्होंने लोगों से अपील की कि चौराहों, तिराहों और हाईवे कट पर वाहन मोड़ते समय कुछ सेकंड रुककर दाएं-बाएं जरूर देखें। साथ ही उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की अपील करते हुए कहा कि जीवन बेहद अनमोल है और छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।

सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

रिपोर्ट : दीपक वत्स

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version