गोरखपुर: राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों को जोड़ने के लिए केंद्र सरकार की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 अगस्त 2026 को ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ के तहत ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’कार्यक्रम होगा।

गोरखपुर में इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

माय भारत केंद्र, गोरखपुर की जिला युवा अधिकारी सीमा पांडेय के मुताबिक, इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, खेल संस्कृति को मजबूत करना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है।

1600 स्थानों से जुड़ेंगे 8 लाख से ज्यादा युवा

इस कार्यक्रम को देशव्यापी स्तर पर आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 1600 अलग-अलग स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के जरिए युवाओं को खेल, फिटनेस, नेतृत्व क्षमता और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

युवाओं और खिलाड़ियों से होगा संवाद

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसमें माय भारत स्वयंसेवक, खिलाड़ी और विद्यार्थी खेल, फिटनेस, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का मंच बनेगा। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह पहल देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को नई दिशा देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version