सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनका एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल हैक कर लिया गया है, और इसका सबसे ज्यादा फायदा समाजवादी पार्टी को हुआ है।
ओपी राजभर ने कहा कि पिछले चार-पांच दिनों से उनका एक्स अकाउंट हैक है, जिसकी शिकायत उन्होंने संबंधित अधिकारियों से की है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भी वे सुबह एक्स पर कोई पोस्ट डालते थे, तो उसके बाद ही समाजवादी पार्टी को अपने बचाव में कुछ काम करना पड़ता था। लेकिन अब उनका हैंडल बंद होने की वजह से सपा को कोई जवाब देने की जरूरत ही नहीं पड़ रही, और पार्टी पूरी तरह आराम कर रही है। यूपी सरकार में मंत्री ने भरोसा जताया कि जल्द ही उनका एक्स हैंडल दोबारा चालू हो जाएगा और वे फिर से सक्रिय नजर आएंगे।
ओपी राजभर अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए समाजवादी पार्टी और उसके नेता अखिलेश यादव पर निशाना साधते रहे हैं, ऐसे में उनके हैंडल का हैक होना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।गौरतलब है कि ओपी राजभर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख सहयोगी दलों में से एक हैं और मौजूदा योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री पद पर हैं। समय-समय पर वे सोशल मीडिया के जरिए सपा पर हमलावर रुख अपनाते रहे हैं, जिसकी वजह से उनका एक्स हैंडल राजनीतिक बहसों के केंद्र में रहता है। फिलहाल इस मामले में समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। देखना दिलचस्प होगा कि ओपी राजभर का हैंडल कब तक बहाल होता है और इसके बाद वे किस तरह के तेवर दिखाते हैं।
यह भी पढ़ें- नरेंद्र मोदी का जन्मदिन आज, चाय बेचने से लेकर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने तक का सफर

