बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया है। बहेड़ी थाना क्षेत्र के भिलैया गांव में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। अंबेडकर पार्क में लगी प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा हुआ मिला। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मूर्ति तोड़े जाने के बाद गांव में आक्रोश

दरअसल गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा जमीन पर अंबेडकर पार्क बना हुआ है। मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम प्रधान झम्मन लाल की तहरीर पर बहेड़ी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर के मुताबिक मुकदमा अपराध संख्या 0675/2026 में बीएनएस की धारा 298, 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नई मूर्ति लगाने के आदेश

ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए प्रतिमा स्थल की फेंसिंग कर उसे सुरक्षित करने की बात कही गई है। पुलिस ने गांव में सतर्कता बढ़ा दी है और अज्ञात आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

रिपोर्ट: मुमताज अली

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version