मथुरा जनपद में जारी मूसलाधार बारिश के बीच बुधवार को यहां एक दर्दनाक हादसा हो गया। वृंदावन की घनश्याम वाटिका कॉलोनी में करंट की चपेट में आने से छत्तीसगढ़ निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उत्तर भारत में इन दिनों बरसात का मौसम चल रहा है। बरसात के मौसम में बिजली का करंट उतरना जानलेवा हो जाता है। वृंदावन में दीवार में करंट उतरने से एक युवक की मौत हो गई। युवक वृंदावन घूमने आया हुआ था। वृंदावन भ्रमण के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया। जिसके बाद वह वहीं बेहोश होकर गिर गया। बताया जा रहा है कि करंट लगने के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ निवासी शशिकांत चौबे (46 वर्ष) पिछले चार दिनों से वृंदावन स्थित अपने परिचित दीपक सारस्वत के घर आए हुए थे। दो दिन से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मकान की दीवार में अचानक करंट उतर आया। शशिकांत जैसे ही दीवार के संपर्क में आए, उन्हें करंट का जोरदार झटका लगा।गंभीर हालत में साथी दीपक सारस्वत उन्हें तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। वारदात के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

