गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में कोतवाली थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने साइबर फ्रॉड के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को लुटने से बचा दिया। ठगों द्वारा साइबर फ्रॉड के शिकार हुए पीड़ित के 71 हजार रुपये उन्हें वापस मिल गए।

पुलिस की मुस्तैदी से बच गए पैसे

दरअसल पीड़ित के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने 71 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली की साइबर टीम ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए पैसे को तुरंत होल्ड कराया।

इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर पीड़ित के खाते में पूरी 71 हजार रुपये की रकम वापस करा दी गई। इस कार्रवाई में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी सब इंस्पेक्टर सौरभ मौर्य, पुलिसकर्मी संध्या मौर्य, महिला कांस्टेबल सुनैना वर्मा और कांस्टेबल संजीत यादव की टीम शामिल रही.

कानपुर में ठगी का मामला आया था सामने

इससे पहले कानपुर में पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना सुल्तान मिर्जा वर्तमान में दुबई में बैठकर नेटवर्क संचालित कर रहा था।

पुलिस को जांच में देश-विदेश में करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की आशंका है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में लैपटॉप, मोबाइल फोन, POS मशीनें, ATM और 89 क्रेडिट कार्ड, सिम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, रजिस्टर, आधार कार्ड की छायाप्रतियां, इंक पैड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए थे।

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version