Gorakhpur में मर्डर केस का खुलासा, पत्नी से संबंध के शक में हुई थी युवक की हत्या - Nation27 >

गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में बीते दिनों हुई एक युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी पत्नी और मृतक के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक में आरोपी ने लोहे की बांका से वार कर युवक की हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। एसपी साउथ ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल नंबरों के सीडीआर और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल बांका, खून लगा बनियान और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

अवैध संबंध के शक में हत्या

दरअसल यह मामला गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र का है, जहां 17 सितंबर को एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और वारदात के खुलासे के लिए आठ पुलिस टीमों का गठन किया।

जांच के दौरान पुलिस ने 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही करीब 300 मोबाइल नंबरों के सीडीआर का विश्लेषण किया गया। सर्विलांस, सीसीटीवी और मैनुअल इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संतोष मिश्रा को अपनी पत्नी और मृतक के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते 17 सितंबर को आरोपी ने मृतक के सिर पर लोहे की बांका से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी संतोष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे की बांका, घटना के समय उसके द्वारा पहनी गई रक्तरंजित बनियान और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी जयप्रकाश मिश्रा का पुत्र है और बांसगांव थाना क्षेत्र के जयन्तीपुर का रहने वाला है।

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

 

 

 

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version