Lucknow News: खनऊ के दुबग्गा थाने को प्राप्त शिकायत में बताया गया कि एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया है। पानी की टंकी पर चढ़े युवक को देखने के लिए गांव उमड़ गया। कुछ लोग टंकी पर चढ़े युवक को उतारने के लिए मनुहार करते दिखाई दिए।
लखनऊ के टांडखेड़ा गांव में उस समय हड़कंप मच गया। जब राजू यादव नाम का एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक का कहना है कि “जब तक मेरे गाँव की सड़क नहीं बनेगी, तब तक मैं टंकी से नीचे नहीं उतरूँगा।” सूचना मिलते ही दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार युवक को समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब उत्तर प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर पानी की टंकियों, मोबाइल टावरों और ऊंची इमारतों पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने की घटनाएं लगातार चर्चा में आ रही हैं। कई मामलों में लोगों ने सड़क, मुआवजा, बिजली, नौकरी और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर इसी तरह का कदम उठाया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि टांडखेड़ा की सड़क लंबे समय से खराब है और कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ। अब राजू यादव के इस कदम ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है। प्रशासन का कहना है कि उसकी मांगों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
रिपोर्ट- शिवम पांड़े/सोनू सिंह

