लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। तमाम पार्टियां अपनी गोटी सेट करने में लगी हुई हैं। इस बीच बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने समाजवादी पार्टी के चुनावी कैंपेन पर निशाना साधा है। मायावती ने अखिलेश यादव के चुनावी रथ पर निशाना साधते हुए कहा कि इसमें सपा के अपने लाल रंग का कम और आरएसएस/बीजेपी का ’भगवा’ रंग (भगवाकरण) ज़्यादा है. साथ ही उन्होंने मुस्लिम और ब्राह्मण वोटरों को लेकर भी अखिलेश पर तंज कसा।
गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं अखिलेश: मायावती
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख का प्रचारित ‘पीडीए रथ’ सपा के अपने लाल रंग का कम और आरएसएस/भाजपा के ‘भगवा’ रंग का (भगवाकरण) ज़्यादा है। ऐसे में लोगों में चर्चा यही है कि यह सब उनका वोटों के स्वार्थ की खातिर गिरगिट की तरह लगातार रंग बदलना है या फिर मुसलमानों पर से सपा प्रमुख का वोट पाने का भरोसा उठ जाना है?
ये भी पढ़ें: ‘ससुर’ की सियासत में उलझे बुआ-भतीजा, Mayawati की नाराजगी की असली वजह क्या है ?
मुस्लिम-ब्राह्मण वोटों पर मायावती की नजर
मायावती ने आगे अपने पोस्ट पर समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए लिखा, ‘वैसे भी यूपी में खासकर मुस्लिम समाज को इस कड़वी हकीकत का पूरी तरह से अहसास है कि पिछले चुनावों में सपा को उनके द्वारा अधिकांश एकतरफा वोट देने के बावजूद भी यह पार्टी (सपा) यूपी और केंद्र की सत्ता में भाजपा को सरकार बनाने से नहीं रोक पाती है तो इस पार्टी को बार-बार वोट देकर अपना वोट ख़राब क्यों किया जाए, इस मामले में अब वो अपरकास्ट में से ख़ासकर ब्राह्मण समाज की तरह ही अपना रवैया काफी तेज़ी से बीएसपी के पक्ष में बदल रहे हैं।’
1. यूपी के आगामी विधानसभा आमचुनाव की तैयारी हेतु समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख का प्रचारित ’पीडीए रथ’ सपा के अपने लाल रंग का कम तथा आरएसएस/भाजपा के ’भगवा’ रंग का (भगवाकरण) ज़्यादा है, तो ऐसे में लोगों में चर्चा यही है कि यह सब उनका वोटों के स्वार्थ की ख़ातिर गिरगिट की तरह लगातार…
— Mayawati (@Mayawati) September 21, 2026
मायावती ने की अपने शासनकाल की तारीफ
बीएसपी सुप्रीमो ने आगे कहा, ‘बीएसपी यूपी में खासकर अपराध नियंत्रण और शांति-व्यवस्था के मामलों में कानून द्वारा क़ानून के राज के साथ ही व्यापक जनहित, जनकल्याण, विकास के मामलों में भी बेहतरीन आयरनलेडी राज यहां कई बार स्थापित करके दिखा चुकी है। सर्वसमाज के हित और कल्याण में प्रदेश को ऐसी सरकार की सख्त जरूरत भी है।’
ये भी पढ़ें: आकाश से किनारा, ईशान को मौका, Mayawati ने बताई अपनी मजबूरी
समाजवादी पार्टी की रणनीति पर निशाना साधते हुए मायावती ने आगे लिखा, ‘इसके साथ ही, सपा को यह भी जनता को ज़रूर बता देना चाहिए कि अब इनके ‘पीडीए’ की असली वास्तविकता क्या है? क्योंकि चुनावी स्वार्थ में अब तक इन्होंने कभी ‘पीडीए’ को ‘पिछड़ा, दलित’ बताया तो कभी ‘पीडीए’ को ‘पण्डित’ बताया है। कभी अपने आपको ‘अम्बेडकरवादी’ दर्शाने के चक्कर में बीएसपी का ‘नीला’ रंग वाला वस्त्र धारण कर तस्वीरें खिंचवाई है, किन्तु इसको लोगों ने फौरन ही फेक अंबेडकरवादी कहकर रिजेक्ट भी कर दिया।’
रिपोर्ट: कुणाल कौशल


