कानपुर: यूपी के कानपुर (Kanpur) में चर्चित दवा व्यापारी हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है. इस मामले में जेल में बंद आरोपी नौकर विशाल गौतम की मां सुशीला ने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सहमति के बिना किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बेटे की जमानत के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल कर दिया।
सुशीला ने अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका बेटा विशाल गौतम कल्याणपुर थाने में दर्ज मामले में 7 सितंबर से जेल में है। उनका कहना है कि उन्होंने और उनके परिवार ने विशाल की जमानत या अन्य पैरवी के लिए अभी तक किसी वकील को नियुक्त नहीं किया है।
आरोपी की मां पहुंची कमिश्नर के पास
शिकायत के मुताबिक, इसके बावजूद किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा विशाल की जमानत का प्रार्थना पत्र सीजेएम न्यायालय में दाखिल किया गया। सुशीला के अनुसार, न्यायालय ने जमानत प्रार्थना पत्र को 15 सितंबर को निरस्त कर दिया।
उन्होंने आशंका जताई कि उनके बेटे को जालसाजी के जरिए फंसाने और मामले में मुख्य आरोपी बनाने के उद्देश्य से उनकी और उनके बेटे की अनुमति के बिना जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। सुशीला ने यह भी आरोप लगाया कि उन पर मुकदमे की पैरवी न करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
बेटे को मुख्य आरोपी बनाने की साजिश: सुशीला
मीडिया से बातचीत में सुशीला ने कहा कि उन्होंने जमानत के लिए कोर्ट में कोई कागज नहीं दिया था। इसके बावजूद किस व्यक्ति ने जमानत के कागजात न्यायालय में लगाए, इसकी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस कमिश्नर से सीजेएम न्यायालय में दाखिल जमानत प्रार्थना पत्र की जांच कराने और जांच में जालसाजी सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
रिपोर्ट: राहुल बाजपेयी

