Strait of Hormuz: ओमान तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में वाणिज्यिक पोत ‘एमटी सेट्टेबेलो’ पर कथित अमेरिकी नौसेना के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई। पोत पर सवार 24 भारतीय क्रू मेंबर्स में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।
फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया के महासचिव मनोज यादव ने तीन भारतीय क्रू सदस्यों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी नौसेना को जहाज पर सवार क्रू सदस्यों की राष्ट्रीयता की पूरी जानकारी थी। उनका कहना है कि अमेरिकी नौसेना को यह भी पता था कि पोत पर कितने भारतीय और कितने विदेशी नागरिक सवार थे।
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, वाणिज्यिक पोत ‘एमटी सेट्टेबेलो’ पर 24 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। हमले के कारण पोत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान राहत दल ने 21 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया।
मृतकों में आदित्य शर्मा (डेक कैडेट), शिवानंद चौरसिया (इंजन फिटर) और पटनाला सुरेश (चीफ इंजीनियर) शामिल हैं। तीनों भारत के अलग-अलग राज्यों के निवासी थे।

