Trending Topics:

सियासी लिहाज से इन चुनावों को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राज्यसभा में दलों की संख्या भविष्य में विधेयकों के पारित होने और राजनीतिक समीकरणों पर असर डाल सकती है। ऐसे में विभिन्न दलों ने उम्मीदवारों के चयन और समर्थन जुटाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों को लेकर चुनाव होना है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। चुनाव आयोग की ओर से जानकारी दी गई है कि 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर 18 जून 2026 को चुनाव कराया जाएगा. चुनाव आयोग की घोषणा के बाद संबंधित राज्यों में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिन राज्यों में चुनाव होने हैं उनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम शामिल हैं। आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में सबसे अधिक चार-चार सीटों पर मतदान कराया जाएगा।

जानिए किस राज्य में राज्यसभा की कितनी सीटों पर होंगे चुनाव ?

चुनाव आयोग ने बताया है कि 21 जून से 19 जुलाई के बीच 10 राज्यों के कई राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इसी वजह से इन सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में 4-4 सीटों पर चुनाव होंगे। मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं झारखंड में 2 सीटों और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में 1-1 सीट पर चुनाव कराया जाएगा। इन चुनावों में कई बड़े नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है, जिनमें मल्लिकार्जुन खड़गे  दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा शामिल हैं। राजस्थान से राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह की सीटें भी खाली होंगी। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 1 जून को अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन भर सकेंगे। 9 जून को नामांकन की जांच होगी और 11 जून तक नाम वापस लेने का मौका मिलेगा।

राज्यसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने जारी किए खास निर्देश

चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव की वोटिंग प्रक्रिया को लेकर खास नियम जारी किए हैं। आयोग ने कहा है कि मतदान के समय सिर्फ रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दिया गया बैंगनी रंग का खास पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा। किसी दूसरे पेन से वोट डालने की अनुमति नहीं होगी। साफ और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए आयोग पर्यवेक्षकों की भी तैनाती करेगा, जो पूरी मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version