उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, राजीव कृष्ण के पूज्य पिता एवं उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता हरिकिशन मित्तल का 05 अगस्त 2026 को 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से प्रशासनिक एवं अभियंत्रण जगत के साथ-साथ समाज में शोक की लहर व्याप्त हो गई।

हरिकिशन मित्तल का जन्म वर्ष 1938 में जनपद मेरठ में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा भी मेरठ में ही सम्पन्न हुई। वर्ष 1957 में उन्होंने रुड़की में सिविल इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया तथा वर्ष 1960 में इंजीनियरिंग की शिक्षा पूर्ण करने के उपरान्त उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग में अभियंता के रूप में अपने सेवाकाल का शुभारम्भ किया।

अपनी गौरवपूर्ण सेवा के दौरान उन्होंने अनेक महत्त्वपूर्ण सिंचाई एवं जलविद्युत परियोजनाओं में उल्लेखनीय योगदान दिया। विशेष रूप से कालागढ़ डैम परियोजना, पीलीभीत–बनबसा बाइफरकेशन परियोजना तथा टिहरी पावर हाउस परियोजना में उनकी भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण रही । अपनी कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता, ईमानदारी एवं कर्मनिष्ठा के बल पर उन्होंने विभाग में विशिष्ट पहचान बनाई तथा वर्ष 1996 में मुख्य अभियंता (Chief Engineer), सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश के पद से सेवानिवृत्त हुए।

सेवानिवृत्ति के उपरान्त वे लखनऊ के आशियाना क्षेत्र स्थित अपने निवास पर रह रहे थे। अपने सहज, सादगीपूर्ण एवं अनुशासित व्यक्तित्व के कारण वे सहकर्मियों, मित्रों एवं परिचितों के बीच अत्यंत सम्मानित थे। सार्वजनिक सेवा के प्रति उनका समर्पण एवं उच्च नैतिक मूल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।

उनके निधन पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित उनके आवास पहुँचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण एवं शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

हरिकिशन मित्तल अपने पीछे एक समृद्ध एवं प्रतिष्ठित परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें उनके दो पुत्र— संजीव मित्तल एवं राजीव कृष्ण तथा एक पुत्री सीमा गर्ग शामिल हैं।स्वर्गीय हरिकिशन मित्तल का संपूर्ण जीवन ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, सादगी और लोकसेवा के आदर्श मूल्यों का प्रतीक रहा। अभियंत्रण क्षेत्र एवं समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version