लखनऊ: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के मंच पर कथित ‘शुद्धिकरण’ के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है।
इको गार्डेन में धरना-प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग ने राजधानी लखनऊ में यह अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। राजधानी लखनऊ स्थित इको गार्डेन धरना स्थल पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन और सांसद तनुज पुनिया के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं। धरना प्रदर्शन में अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
धरने को संबोधित करते हुए सांसद तनुज पुनिया ने भाजपा और आरएसएस पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दलित समाज से आते हैं और देश की संसद के उच्च सदन राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं।
ऐसे में उनकी जनसभा के बाद मंच का कथित रूप से शुद्धिकरण किया जाना न केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान है, बल्कि यह दलित समाज और देश के संविधान की भावना का भी अपमान है।
तनुज पुनिया ने दी चेतावनी
तनुज पुनिया ने कहा कि इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय दलित विरोधी मानसिकता और इस कृत्य के खिलाफ आवाज उठाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण तरीके से एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से की गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को केवल एक राजनीतिक घटना के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान और संविधान की रक्षा से जुड़े गंभीर विषय के रूप में देखती है। दलित समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
सांसद तनुज पुनिया ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उत्तराखंड सरकार हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के मंच के कथित शुद्धिकरण के मामले में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं करती और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त नहीं किया जाता, तब तक उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का धरना जारी रहेगा।
रिपोर्ट: अश्विनी अवस्थी

