Trending Topics:

उत्तर प्रदेश के गोंडा में अघोषित बिजली कटौती से लोग काफी परेशान हैं। इस समस्या को लेकर बीजेपी विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को पत्र लिखकर बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग की है। उत्तर प्रदेश में एक ओर लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं, तो दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार प्रदेश सरकार को निशाने पर लेता रहा है और बिजली आपूर्ति में नाकामी का आरोप लगाता है। वहीं, सत्ता पक्ष के कुछ विधायक भी इस समस्या को लेकर ऊर्जा विभाग को पत्र लिखते रहे हैं। इसी क्रम में बीजेपी विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को पत्र भेजा है।उन्होंने गोंडा में बिजली आपूर्ति की स्थिति से अवगत कराते हुए नाराजगी जताई और कहा कि इस भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से आम जनता काफी परेशान है।

यूपी में अघोषित बिजली कटौती पर बढ़ी नाराजगी 

विधायक प्रतीक भूषण ने बताया कि रात के समय लंबे समय तक बिजली गुल रहने के कारण लोग सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं और गोंडा में प्रदर्शन की स्थिति भी बनी है। उन्होंने कहा कि बिजली संकट को लेकर जनता सीधे जनप्रतिनिधियों से सवाल कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्याओं के कारण ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने रात में बिजली कटौती कम करने की उठाई मांग 

गोंडा में अघोषित बिजली कटौती को लेकर विधायक ने त्वरित और स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री से जल्द मुलाकात का समय देने का अनुरोध करते हुए पत्र भेजा है। विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने इमरजेंसी मैकेनिज्म लागू करने की भी मांग उठाई है और कहा है कि रात के समय बिजली कटौती को कम किया जाए। 

बिजली कटौती पर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा

उधर, पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बिजली की आघोषित कटौती पर प्रदेश सरकार को घेरा है. अखिलेश ने कहा, “बिजली के नये प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं, न ही आपकी तंग सोच में. मुँह से ये कह ही देते ‘3×660 SUPERCRITICAL THERMAL POWER PLANT’ तो गर्मी में झुलसते प्रदेशवासियों को सुनकर ही थोड़ी राहत मिल जाती.” उन्होंने कहा कि “भाजपा के कुराज में उप्र में बिजली की सिर्फ़ ‘माँग’ बढ़ रही है या ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, सप्लाई-आपूर्ति नहीं.”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version