BarabankiNews: बाराबंकी में रविवार का दिन कई दर्दनाक हादसों के नाम रहा, जहां अलग-अलग घटनाओं में कुल सात लोगों की जान चली गई। इन हादसों में कहीं पिता और पुत्र की मौत हुई तो कहीं मां-बेटी ने भी अपनी जान गंवा दी, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सड़क हादसों ने रविवार को कोहराम मचा दिया। मात्र घंटे के अंदर हुए सड़क हादसों व एक ट्रेन हादसे में पिता पुत्र और मां-बेटी सहित सात की मौत हो गई। इन हादसों ने यह जता दिया कि अब यहां हादसे रोकने के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। बाइक से पत्नी व बच्चे को लेकर ससुराल जा रहा था युवक:  लखनऊ-महमूदाबाद स्टेट हाईवे पर बड्डूपुर इलाके में शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। बड्डूपुर के गोडै़चा गांव निवासी मुकेश कुमार (35) अपनी पत्नी पूजा (34) और पांच साल के पुत्र राज के साथ शनिवार शाम बाइक से टिकैतगंज ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान धधरा गांव के पास उनकी बाइक लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि मासूम राज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मुकेश और पूजा को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मुकेश की हालत नाजुक होने पर उसे केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पूजा का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि मुकेश और पूजा का विवाह करीब छह वर्ष पहले हुआ था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कार को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

“निजी बस की चपेट में ई-स्कूटी सवार मां-बेटी, दर्दनाक हादसा”

जहांगीराबाद। सद्दीपुर-जहांगीराबाद मार्ग पर रविवार दोपहर बस की चपेट में आकर ई-स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार जहांगीराबाद के बल्लापुरवा गांव निवासी मंगल यादव की पत्नी रीता (42) अपनी बेटी वैष्णवी (20) दोपहर में बाराबंकी से ई स्कूटी पर सवार होकर गांव जा रही थी। इस दौरान अटवा मोड़ के पास क्षेत्र में ही संचालित बिस्कुट व बेकरी कंपनी की निजी बस की जोरदार टक्कर लगी। इसमें स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल भिजवाया। स्थानीय लोगों ने बस रोक ली और चालक को बस सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं, जिला अस्पताल ने दोनों को केजीएमयू रेफर कर दिया, जहां वैष्णवी ने दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद रीता की भी मौत हो गई। थानाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।

“तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग महिला को कुचला, दर्दनाक मौत”

रामनगर-बदोसराय मार्ग पर लोधपुरवा गांव के पास रविवार सुबह सीमेंट लादकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर बुजुर्ग महिला फूलमती (62) की मौत हो गई। हादसा इतना वीभत्स था कि महिला सिर धड़ से अलग हो गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार लोधपुरवा गांव निवासी पारसनाथ की पत्नी फूलमती सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए घर से निकली थीं। वापस घर लौटते वक्त कटका नाला पुल के पास पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे जा रही फूलमती उसकी चपेट में आ गई। ट्रक के पहिए उनकी गर्दन के ऊपर से गुजर गए। इससे सिर धड़ से अलग हो गया। भतीजे पंकज वर्मा के अनुसार फूलमती अपने पीछे दो बेटे जितेंद्र व पुष्पेंद्र तथा एक बेटी पूनम को छोड़ गई हैं। घटनास्थल पर पहुंचने वाले लोग नजारा देख सन्न रह गए। रामनगर के एसएचओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version