Trending Topics:

बीजेपी ने चार राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों में बदलाव किया है। दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में अपने नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इनमें दो नेता ऐसे भी शामिल हैं, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था और अब उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली की कमान केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है, जबकि पंजाब का प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों को बनाया गया है। वहीं हरियाणा में अर्चना गुप्ता को बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा दिल्ली की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा माने जाते हैं। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय कुमार मल्होत्रा के पुत्र हैं और वर्तमान में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। अब वे दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष के रूप में वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे। हर्ष मल्होत्रा पंजाबी समाज से आते हैं और दिल्ली में बनिया व पंजाबी समुदाय के बीच उनकी अच्छी पहचान मानी जाती है।

2024 में पहली बार सांसद बने हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली बीजेपी की कमान संभालेंगे

हर्ष मल्होत्रा साल 2024 के लोकसभा चुनावों में पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से पहली बार सांसद चुने गए थे. उन्हें तब पूर्व क्रिकेटर और सांसद गौतम गंभीर की जगह टिकट दिया था. चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के कुलदीप कुमार मोनू को हराया था.

केंद्र में तीसरी बार सरकार बनने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें अपनी कैबिनेट में शामिल किया. इससे पहले पूर्वी दिल्ली नगर निगर के मेयर रह चुके हैं. वह 2015 से 2016 के दौरान पूर्ववर्ती पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) के मेयर रहे. वह साल 2012 में दिल्ली के वेलकम वार्ड से पहली बार पार्षद चुने गए थे.

अर्चना गुप्ता को मिली हरियाणा की कमान

दिल्ली से सटे हरियाणा में भी बीजेपी ने अपना प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है. पार्टी ने हरियाणा में संगठनात्मक बदलाव करते हुए मोहन लाल बड़ौली की जगह डॉक्टर अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया. हरियाणा में बीजेपी ने दूसरी बार किसी महिला को प्रदेश की कमान सौंपी है. वह पानीपत जिले की रहने वाली हैं और पेशे से डॉक्टर हैं. अर्चना इस समय पार्टी की प्रदेश महामंत्री थी.

कांग्रेस से आए केवल को पंजाब का जिम्मा

पंजाब को भी नया प्रदेश अध्यक्ष मिला है. बीजेपी ने बरनाला के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश की कमान सौंप दी है. कांग्रेस से बीजेपी में आए ढिल्लों पिछले दो दशकों से पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं. वह कांग्रेस टिकट पर साल 2007 और 2012 में बरनाला सीट से विधायक चुने गए थे. 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बड़े अंतर से जीत हासिल की थी.

अभिषेक देव राय को त्रिपुरा बीजेपी की कमान सौंपी गई

केवल सिंह पंजाब के एक बड़े और रसूखदार सिख बिजनेसमैन परिवार से संबंध रखते हैं. वह पुराने राजनीतिज्ञ के रूप में जाने जाते हैं. उन्हें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का बेहद करीबी माना जाता है. जून 2022 में कांग्रेस छोड़ने के बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए थे. इसी साल उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी देते हुए पंजाब बीजेपी यूनिट का प्रदेश उपाध्यक्ष बना दिया गया था. त्रिपुरा में भी बीजेपी ने नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. पहली बार विधायक बने अभिषेक देव राय को त्रिपुरा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. वह गोमती से बीजेपी के जिला अध्यक्ष रहे और साल 2023 में पहली बार विधायक बने. हालांकि उन्होंने राजनीति की शुरुआत कांग्रेस से की थी. करीब 5 साल पहले वह बीजेपी में आए थे.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version