Delhinews : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने कल एक अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में दोपहर के समय आयोजित होगी, जिसमें गठबंधन के सभी प्रमुख सहयोगी दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बैठक में विभिन्न राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। INDIA गठबंधन की बैठक के बाद अब सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) भी अपने सहयोगी दलों के साथ अहम मंथन करने जा रहा है। बुधवार को दोपहर 3 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में NDA की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें गठबंधन के सभी प्रमुख नेताओं की मौजूदगी रहेगी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस बैठक में सरकार की उपलब्धियों और आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
12 साल पूरे, इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ यह कार्यकाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार ने जून 2026 में सत्ता में अपने 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और इसके बाद 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार देश की बागडोर संभाली। 9 जून 2026 तक प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल 4,398 दिनों तक पहुंच गया, जो 12 साल और 15 दिनों के बराबर है। इसी के साथ उन्होंने स्वतंत्र भारत में सबसे लंबे समय तक लगातार चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस मामले में उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। पंडित नेहरू वैसे तो 15 अगस्त 1947 से लेकर अपनी मृत्यु (27 मई 1964) तक कुल 6,130 दिनों के लिए प्रधानमंत्री रहे थे, लेकिन देश के पहले आम चुनाव होने से पहले के शुरुआती 5 साल वह अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। जब 1952 में चुनाव जीतकर वह पहली बार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने, तो वहां से उनका कार्यकाल 4,397 दिन (12 साल 14 दिन) का रहा था।
NDA की अहम बैठक के बीच NCP ने लिया बड़ा निर्णय
राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने बताया कि 10 जून को दिल्ली में एनडीए की अहम बैठक के साथ 27वें स्थापना दिवस समारोह की तारीख में बदलाव किया गया है। अब यह कार्यक्रम 11 जून को मुंबई के शन्मुखानंद हॉल में दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा। अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी पहली बार अपना स्थापना दिवस मनाने जा रही है, जिनकी मृत्यु के बाद सुनेत्रा पवार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री के रूप में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाली है। सुनील तटकरे ने बताया कि पार्टी का यह 27वां स्थापना दिवस ‘समर्पण, संघर्ष और संकल्प’ थीम के तहत मनाया जाएगा और इसे पूरी तरह से अजित पवार की स्मृति और उनके आदर्शों को समर्पित किया जाएगा।

