KanpurNews: कानपुर पुलिस ने एक सनकी आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो युवतियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर हमला करता था। आरोपी टाइल्स लगाने का काम करने वाला मजदूर है। पूछताछ में आरोपी दिलशाद ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि युवतियों पर पदार्थ गिरने के बाद उनकी चीखें और तड़प देखकर उसे आनंद आता था। कानपुर के रावतपुर और कल्याणपुर क्षेत्र में युवतियों व महिलाओं पर चिपचिपा और ज्वलनशील पदार्थ फेंकने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। टाइल्स जोड़ने वाला लेबर शारदानगर निवासी मो. दिलशाद केमिकल फेंकता था। उसने रविवार को भी बरसाइतपुर की महिला टीचर के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ फेंका था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसे ज्वलनशील पदार्थ और 510 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले भी 2022 में काकादेव क्षेत्र से पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस पूछताछ में दिलशाद ने स्वीकार किया कि युवतियों पर केमिकल गिरने के बाद उनकी चीख-पुकार और दर्द देखकर उसे आनंद मिलता था। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने जानकारी दी कि शनिवार को शारदा नगर इलाके में नेट परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा पर केमिकल फेंका गया था। छात्रा ने यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी थी, मामले में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो साइकिल सवार एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। वह कुर्ता पजामा पहने और पीठ पर बैग टांगे हुए था। उसी दिन शाम को नर्सिंग का काम करने वाली युवती के साथ इसी तरह की घटना हुई। पुलिस की टीमें बनाकर आरोपी की तलाश कराई गई। रविवार को कल्याणपुर के बरसायतपुर निवासी ट्यूशन टीचर कोचिंग पढ़ाने जा रही थीं। सीएसजेएम यूनिवर्सिटी के पास साइकिल सवार शारदानगर के मजार वाली गली निवासी मो. दिलशाद ने उसके ऊपर ज्वलनशील केमिकल फेंक दिया। महिला चीखीं, जिस पर आरोपी साइकिल से भाग निकला। रविवार देर शाम आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
डीसीपी ने बताया कि आरोपी पत्थर कारीगर के साथ मजदूरी का काम करता है। वह पत्थरों को जोड़ने वाले केमिकल की बोतलें साइकिल में रखकर घूमता था और मौका मिलते ही युवतियों पर फेंक देता था। पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद वह दूर से घटनास्थल पर नजर रखता था और युवतियों की पीड़ा देखकर उसे संतुष्टि मिलती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अश्लील वीडियो देखने की लत भी है और उसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं।
छात्रा और नर्स पर चूका निशाना, युवती की खाल तक निकल गई
आरोपी ने शनिवार को एक छात्रा और नर्स पर केमिकल फेंका, लेकिन उस दिन उसका निशाना सही नहीं लगा और पदार्थ उनके कपड़ों पर गिर गया। इसके बाद रविवार को उसने दोबारा वारदात की और इस बार सही निशाना लगाकर केमिकल फेंका, जो महिला के हाथ पर जा गिरा। तेज जलन के कारण वह दर्द से चीख उठीं। हाथ से केमिकल हटाने की कोशिश में उनकी त्वचा तक प्रभावित हो गई।
