लखनऊ में हुए कोचिंग अग्निकांड में किस्मत के क्रूर खेल और दो दोस्तों की अटूट सच्चाई की एक ऐसी दर्दनाक दास्तान सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। दो दोस्तों की मौत के बारे में जिसने भी सुना भावुक हो गया। बर्रा निवासी सूरज भान (24 वर्ष) और गोविंद नगर के निवासी संयम विज (28 वर्ष) दोनों घनिष्ठ मित्र थे।

बचपन से दोनों एक स्कूल में पढ़े और साथ में नौकरी शुरू की। लखनऊ में नौकरी के दौरान वे एक ही कमरे में साथ रहते थे। अचानक इमारत में आग लगी और दोनों की आग में जलकर  मौत हो गई। आज जब दोनों की अर्थी एक साथ उठी तो देखने वालों का दिल पसीज गया। इस गमगीन मंजर को जिसने भी देखा, उसकी आंखें छलक उठीं।

बर्रा-7 निवासी सूरज अपनी मां मीरा सिंह, छोटे भाई सम्राट और बहन बिट्टो का इकलौता सहारा था। साल 2023 में सूरज के पिता शिवराम सिंह की एक हादसे में आग की चपेट में आने से मौत हो गई थी। पिता के जाने के बाद सूरज घर की पूरी जिम्मेदारी सूरज के कंधों पर थी। उसकी मां का रो-रो कर बुरा हाल है। पहले पति और अब बेटे की अर्थी देखकर उसकी आंखे पथरा चुकी हैं।

दूसरी तरफ गोविंद नगर निवासी संयम विज के घर में तो आज आंसुओं का अजीब कोहराम है। 28 साल के संयम के घर में आज ही के दिन दादी की तेरहवीं थी। संयम को इस संस्कार में शामिल होने घर आना था। बड़ा भाई शुभम दिल्ली में नौकरी करता है, मां सोनिया और पिता सीमू देसाई घर पर संयम का इंतजार कर रहे थे। परिवार में संयम की शादी को लेकर बातें हो रही थी।

दो दोस्तों की एक साथ मौत से जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दूसरी तरफ उनकी कहानी जो सुनता है खामोश होकर रह जाता है। दोनों दोस्त एक साथ दुनिया को अलविदा कह गये।

रिपोर्ट- राहुल वाजपेयी (कानपुर)

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version