MeerutNews: मेरठ के परीक्षितगढ़ क्षेत्र के रामनगर गांव में घर में अकेली रह रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। जेवर गायब और संदूक खुला मिलने से लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। मेरठ के परीक्षितगढ़ क्षेत्र के रामनगर गांव में मंगलवार देर रात एक बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। घर में अकेली रह रही 65 वर्षीय महिला का शव बुधवार सुबह उनके घर में मिला। पुलिस के अनुसार महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। घटनास्थल से जेवर गायब मिले हैं और घर में रखा संदूक भी खुला मिला, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह करीब सात बजे गांव की कुछ महिलाएं वृद्धा के घर पहुंचीं। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। महिला मृत अवस्था में चारपाई पर पड़ी थीं। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जेवर गायब मिले, संदूक खुला मिला 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के कानों से सोने के कुंडल और गले से सोने का लॉकेट गायब मिला। घर में रखा संदूक भी खुला पड़ा था। शुरुआती आशंका है कि बदमाश लूटपाट के इरादे से घर में घुसे और पहचान उजागर होने के डर से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने अभी किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

शादी में जाने की थी तैयारी, उससे पहले हो गई वारदात 

परिजनों के अनुसार फूल समुद्री को मंगलवार रात गांव खटकी में अपनी भतीजी की शादी में भात देने जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई। उनका बड़ा बेटा परिवार सहित परीक्षितगढ़ के मवाऊ बस स्टैंड क्षेत्र में रहता है, जबकि छोटा बेटा संभल जिले में पुलिस विभाग में तैनात है। घटना के समय महिला घर में अकेली थीं।
Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version