MeerutNews :वरिष्ठ नेता विनीत भराला ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र भेजकर पार्टी से अपने इस्तीफे की जानकारी दी है। उनके बसपा में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, विनीत भराला ने अभी तक अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं सरधना विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता विनीत सत्यप्रकाश भराला ने समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संबोधित पत्र जारी कर अपने निर्णय की जानकारी दी। उनके इस्तीफे के बाद क्षेत्रीय राजनीति में हलचल है और उनके बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। इस्तीफा पत्र में विनीत भराला ने कहा कि वह और उनका परिवार कई वर्षों से समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं तथा पार्टी की विचारधारा और नीतियों का निष्ठापूर्वक समर्थन करते रहे हैं। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों और व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा देने की बात कही है। साथ ही पार्टी नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें मिले सहयोग, विश्वास और सम्मान के लिए धन्यवाद दिया है। इस्तीफे के बाद विनीत भराला ने कहा कि उन्होंने पार्टी छोड़ी है, लेकिन सरधना विधानसभा नहीं छोड़ी है। क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में वह पहले की तरह खड़े रहेंगे और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा। फिलहाल किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। विनीत भराला के इस कदम को सरधना विधानसभा की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में उनके अगले कदम को लेकर अटकलों का दौर जारी है, जबकि समर्थकों और क्षेत्रवासियों की नजरें अब उनके भविष्य के राजनीतिक निर्णय पर टिकी हुई हैं।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version