मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में सोमवार देर रात नई मंडी कोतवाली पुलिस और दो अंतरराज्यीय लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर नई मंडी पुलिस ने दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
पुलिस ने पीछा करते हुए बदमाशों की घेराबंदी की। करीब 700 मीटर तक पीछा करने के बाद बदमाश कच्चे रास्ते पर स्कूटी फिसलने से गिर पड़े। खुद को घिरता देख उन्होंने दोबारा पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परवेज पुत्र फकीरा निवासी नाहली, जनपद गाजियाबाद और वकील पुत्र असलम निवासी अजगड़ा मंडली, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
मौके से पुलिस ने एक चोरी की स्कूटी, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और दो संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद स्कूटी के संबंध में भी जांच की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी परवेज पर चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 28 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वकील पर 15 आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास कई जनपदों और राज्यों में फैला हुआ है।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि एसएसपी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उन्हें समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जिससे अन्य आपराधिक घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
फिलहाल दोनों आरोपियों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।
रिपोर्ट – दीपक वत्स


