RajyaSabha :महाराष्ट्र में विधान परिषद की 12 सीटों के साथ ही झारखंड की 2 और मिजोरम की 1 राज्यसभा सीट के लिए आज मतदान कराया गया। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए कुल तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि कर्नाटक में सात विधान परिषद सीटों के लिए मतदान हुआ। सभी स्थानों पर मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे समाप्त हो गई, जिसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 खाली सीटों में पांच सीटों पर सत्ताधारी गठबंधन के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। आज 12 सीटों पर मतदान कराए गए। भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) से मिलकर बने महायुति गठबंधन को कई क्षेत्रों में बढ़त हासिल है। हालांकि कुछ सीटों पर आंतरिक मतभेद भी सामने आए हैं। ऐसे में 12 सीचों पर चुनाव दिलचस्प हैं। इसके अलावा आज झारखंड की दो और मिजोरम की एक राज्यसभा सीट पर भी मतदान कराया गया।

झारखंड में कांग्रेस ने एनडीए प्रत्याशी का समर्थन किया? सियासी हलचल तेज

झारखंड की राज्यसभा सीट को लेकर एनडीए उम्मीदवार परिमल नथवानी ने अपना विश्वास जताया है कि उन्हें चुनाव में जीत मिलेगी।मतदान के दौरान उन्होंने गुरुवार को कहा कि उन्हें सभी विधायकों पर पूरा भरोसा है। रांची में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर उन्हें मौका मिलता है तो वे झारखंड की सेवा पूरी निष्ठा से करेंगे। जब उनसे कांग्रेस विधायकों के समर्थन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें सभी का समर्थन प्राप्त है।

मिजोरम की एकमात्र राज्यसभा सीट पर मतदान, भाजपा और कांग्रेस ने चुनाव से बनाई दूरी

मिजोरम की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए गुरुवार को मतदान कराया गया, जिसमें दो उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ़ ज़ोरम पीपल्स मूवमेंट (ZPM) ने प्रवक्ता के. लालतलुआंगकिमा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि विपक्षी मिज़ो नेशनल फ्रंट (MNF) ने अधिवक्ता जोथनसांगी हमार को मैदान में उतारा है। इस चुनाव से भाजपा और कांग्रेस ने दूरी बना ली है और मतदान में हिस्सा न लेने का निर्णय लिया है। विधानसभा सचिवालय के अतिरिक्त सचिव लालथांगमाविया के अनुसार, मतदान प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चली, जबकि मतगणना शाम 5 बजे विधानसभा भवन में की जाएगी। 40 सदस्यीय विधानसभा में ZPM के 27, MNF के 10, भाजपा के 2 और कांग्रेस का 1 विधायक है। कांग्रेस विधायक सी. नगुनलिआनचुंगा ने पार्टी आलाकमान के निर्देश पर मतदान न करने की पुष्टि की है, वहीं भाजपा के दोनों विधायकों ने भी वोटिंग से दूरी बनाए रखने का फैसला किया है।

कर्नाटक में भी सात सीटों पर चुनाव, मैदान में कितने प्रत्याशी? 

महाराष्ट्र, मिजोरम और झारखंड से अलग कर्नाटक में भी विधान परिषद की सात सीटों के लिए गुरुवार को मतदान हुए। कुल 222 विधायकों में से 212 ने मतदान किया। दोपहर 1 बजे तक 95.50 फीसदी वोटिंग हुई। विधानसभा में सुबह 9 बजे शुरू हुआ मतदान और शाम 4 बजे तक चला। मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी।

एमएलसी चुनाव में मतदान संपन्न, कई प्रत्याशी मैदान में; प्रमुख नेताओं ने डाला वोट

  • मैदान में आठ उम्मीदवार, इनमें कांग्रेस के पांच, भाजपा के दो और जेडी(एस) के एक प्रत्याशी हैं।
  • मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और विपक्ष के नेता आर अशोक सहित कई प्रमुख नेताओं ने अपने मत डाले।
  • हर उम्मीदवार को जीतने के लिए न्यूनतम 28 वोट चाहिए।
  • कांग्रेस को चार और भाजपा को दो सीटें आसानी से जीतने की उम्मीद है।
  • सातवीं सीट पर कड़ा मुकाबला है, क्योंकि कांग्रेस और जेडीएस दोनों ने उतारे हैं उम्मीदवार।

क्रॉस-वोटिंग की आशंका के बीच विधायकों का रुख क्या?

क्रॉस-वोटिंग की आशंका को देखते हुए कांग्रेस और जद(एस) ने अपने विधायकों को शहर के बाहरी इलाकों में स्थित अलग-अलग रिसॉर्ट में ठहराया था। कांग्रेस मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के नेतृत्व में पांच सीटें जीतने के लिए पूरी तरह आश्वस्त है, जिसमें निर्दलीय और भाजपा से निष्कासित विधायकों के समर्थन का भी दावा किया गया है। वहीं जद(एस) अपने सहयोगी भाजपा की मदद से एक सीट जीतने की उम्मीद लगाए हुए है और अन्य विधायकों से अंतरात्मा के आधार पर मतदान करने की अपील की है। इस बीच भाजपा से निष्कासित एस. टी. सोमशेखर और शिवराम हेब्बर ने कहा कि उन्होंने अपनी अंतरात्मा के अनुसार वोट किया, जबकि बसवनगौड़ा पाटिल यतनाल ने पार्टी निर्देश पर मतदान किया। जद(एस) के वरिष्ठ विधायक जी. टी. देवेगौड़ा ने भी अंतरात्मा के आधार पर वोट डाला।

 

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version