कोलंबो: श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मैच के दूसरे दिन भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 446 रन बना लिए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने चोट से वापसी करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया, हालांकि वह लंच के बाद पहली ही गेंद पर आउट हो गए।

पहले दिन चोट के कारण सिर्फ 3 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए ऋषभ पंत ने दूसरे दिन मैदान पर वापसी की और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 63 रन की पारी खेली। पंत को श्रीलंकाई गेंदबाज केशरा नुवानथा ने लॉन्ग-ऑफ पर कैच आउट कराया। उनका कैच लाहिरू उदारा ने पकड़ा।

ध्रुव जुरेल ने संभाली पारी

पंत के आउट होने के बाद युवा बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला। जुरेल शानदार बल्लेबाजी करते हुए 73 रन बनाकर नाबाद हैं और भारत के स्कोर को आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं डेब्यू कर रहे सारांश जैन 6 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत 300/5 के स्कोर से की थी। टीम इंडिया ने पहले सेशन में 119 रन जोड़े और एक विकेट गंवाया।

जुरेल को मिला जीवनदान

श्रीलंका के पास ध्रुव जुरेल को आउट करने का मौका भी आया, लेकिन 115वें ओवर में कमिंदु मेंडिस उनका कैच नहीं पकड़ सके। जुरेल ने लेग साइड में शॉट खेला था, जिसे कमिंदु ने डाइव लगाकर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनकी उंगलियों को छूकर निकल गई। इस जीवनदान के बाद जुरेल ने पारी को और मजबूत किया।

पंत ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड

ऋषभ पंत ने अपनी इस पारी के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह विदेशों में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं। पंत ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है। विदेशी धरती पर पंत के टेस्ट क्रिकेट में अब 2500 से ज्यादा रन हो चुके हैं, जबकि धोनी के नाम 2496 रन दर्ज हैं।

सीरीज में भारत आगे

भारत ने इस सीरीज की शुरुआत शानदार तरीके से की है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। अब कोलंबो टेस्ट में भी भारतीय टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।

रिपोर्ट : कुणाल कौशल

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version