एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारतीय निशानेबाजों ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। जापान के आइची नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारतीय निशानेबाजों ने कमाल करते हुए अब तक पांच मेडल पर कब्जा कर लिया है। भारतीय निशानेबाजी दल ने अब तक अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
जापान के आइची नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय दल का प्रदर्शन लगातार निखर रहा है। दूसरे दिन भारतीय निशानेबाजों ने कमाल दिखाते हुए अपने खाते में कुल पांच मेडल जोड़ लिए हैं। पहले दिन एलावेनिल वालारिवान, सोनम मस्कर और विदर्सा के. विनोद की तिकड़ी ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर भारत का खाता खोला था। इसके बाद एलावेनिल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है। दूसरे दिन भी जीत का सिलसिला जारी है हिमांशु और रुद्रांक्ष पाटिल ने पार्थ माने के साथ मिलकर पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है। इसके तुरंत बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में भी दोनों खिलाड़ी पोडियम तक पहुंचने में कामयाब रहे है। हिमांशु ने 252.4 अंकों के साथ और रुद्रांक्ष ने 230.9 अंकों के साथ मेडल पक्का किया, हालांकि चीन के शेंग लिहाओ ने एशियन रिकॉर्ड बनाते हुए 254.2 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता है।
निशानेबाजी के अलावा भारत के लिए सबसे यादगार पल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स MMA में आया। सुचिका तारियाल ने महिलाओं की पारंपरिक 60 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। सेमीफाइनल में उन्हें सिंगापुर की हुई हून टीओ के खिलाफ करीबी मुकाबले में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस हार के बावजूद उनका ब्रॉन्ज पक्का हो गया। गौरतलब है कि एमएमए इस बार एशियन गेम्स में पहली बार शामिल किया गया खेल है, और इसमें भारत के लिए यह पहला पदक है। सुचिका का यह सफर आसान नहीं रहा जूडो और जिउ-जित्सु से होते हुए वह एमएमए तक पहुंचीं और अब देश का नाम रोशन कर रही हैं। भारत के लिए दिन की शुरुआत बॉक्सिंग रिंग से भी अच्छी रही। सुमित कुंडू ने पुरुषों के 70 किलोग्राम वर्ग में थाईलैंड के ओलंपियन सिनसिरी बुनजोंग को 5-0 से हराकर दमदार जीत दर्ज की। इसके अलावा हॉकी में भी भारतीय टीमों ने शानदार आगाज किया, महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से रौंदा, वहीं पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से मात दी। क्रिकेट में भी डिफेंडिंग चैंपियन भारत की टीम मैदान में उतरी। कुल मिलाकर, दूसरे दिन का यह प्रदर्शन दिखाता है कि भारतीय खिलाड़ी इस बार आइची-नागोया में अपनी पिछली उपलब्धियों को पीछे छोड़ने के इरादे से उतरे हैं।


