कालाढूंगी में गुलदार का हमला, 10 वर्षीय बच्चे ने बहादुरी से किया गुलदार का मुकाबला - Nation27 >

कालाढूंगी के विजयपुर धमोला गांव में गुलदार की दहशत से ग्रामीणों का शाम होते ही घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। देर शाम गांव में गुलदार ने 10 वर्षीय बालक अंश पर झपट्टा मार दिया। गुलदार के हमले में अंश ने किसी तरह अपनी जान बचाई, जिसके बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की लगातार मौजूदगी के चलते शाम के बाद घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। पिछले कई दिनों से गुलदार की मौजूदगी के निशान क्षेत्र में दिखाई दे रहे है।

गदगदिया रेंज के वन क्षेत्राधिकारी जगदीश जोशी ने बताया कि घटना की जानकारी वन विभाग को है। पीड़ित अंश का इलाज कराया गया है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार उपचार के बाद पीड़ित को मुआवजा भी मुहैया कराया जाएगा। गुलदार के हमले की घटना के बाद विजयपुर गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण शाम होते ही अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि अंश घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान अचानक से गुलदार ने उसपर हमला कर दिया। अंश ने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार को पास नहीं आने दिया और वहीं डटकर खडा रहा। इस दौरान गुलदार के हमले से बच्चे के मुंह पर घाव हो गए। हैं। ग्रामीणों की मदद से बच्चे को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां बच्चे का इलाज चल रहा है।

रिपोर्ट- नीरज तिवारी (कालाढूंगी)

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version