आईपीएल 2026 के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। इस सीजन में उन्होंने केवल 35 गेंदों में शतक लगाकर टूर्नामेंट के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में जगह बनाई, बल्कि उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरे सीजन में उनके बल्ले से 72 छक्के निकले, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक सीजन में लगाए गए सबसे अधिक छक्के रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के चलते राजस्थान रॉयल्स ने कई मैच जीते।
वैभव के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें आईपीएल 2026 में ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ और ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इन उपलब्धियों के बाद उनकी लोकप्रियता और बाजार मूल्य में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईपीएल 2026 से पहले वैभव सूर्यवंशी किसी ब्रांड के प्रचार के लिए लगभग एक करोड़ रुपये लेते थे। हालांकि, टूर्नामेंट में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने अपनी ब्रांड एंडोर्समेंट फीस बढ़ाकर दो करोड़ रुपये कर दी है। बताया जा रहा है कि कई बड़ी कंपनियां उन्हें अपने विज्ञापन अभियानों से जोड़ने के लिए संपर्क कर रही हैं। इससे पहले वैभव हॉर्लिक्स और रेड बुल जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड के लिए प्रमोशनल कैंपेन कर चुके हैं।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैभव आने वाले वर्षों में इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखते हैं तो वह भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर बन सकते हैं। उनकी लोकप्रियता सोशल मीडिया पर भी तेजी से बढ़ रही है, जिससे कंपनियों के लिए उनकी मार्केटिंग वैल्यू और अधिक बढ़ गई है।
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी को 1.10 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था। उस समय उनकी बेस प्राइस केवल 30 लाख रुपये थी। नीलामी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच उन्हें खरीदने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली थी। आखिरकार राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपये की बोली लगाकर इस युवा खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल कर लिया।
राजस्थान रॉयल्स के मेंटर राहुल द्रविड़ को वैभव की प्रतिभा पर पूरा विश्वास था। उस समय महज 13 वर्षीय खिलाड़ी पर इतनी बड़ी रकम खर्च करना कई फ्रेंचाइजियों को जोखिम भरा फैसला लग रहा था, लेकिन राजस्थान रॉयल्स ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन पर दांव लगाया। अब वैभव ने अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि राजस्थान रॉयल का फैसला पूरी तरह सही था।
उनकी वर्तमान फॉर्म और लगातार बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए भविष्य में आईपीएल नीलामी में उनकी कीमत रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकती है। माना जा रहा है कि उनकी बोली 20 करोड़ रुपये तक जा सकती है। यदि ऐसा होता है तो वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे।
फिलहाल, वैभव सूर्यवंशी का नाम भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारों में सबसे ऊपर लिया जा रहा है और आने वाले वर्षों में उनसे और भी बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

